महाराष्ट्र मंडल में सियान गुड़ी का शुभारंभ कल

रायपुर। वरिष्ठ नागरिकों के लिए अकेलापन न केवल भावनात्मक रूप से बल्कि उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर समस्या है। उन्हें इन समस्याओं से सुरक्षित रखने के साथ उनकी आत्मीयता के साथ देखभाल करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने वरिष्ठ नागरिक- सियान गुड़ी योजना (डे केयर सेंटर) की परिकल्पना की है। छत्तीसगढ़ शासन के मार्गदर्शन और सहायता से महाराष्ट्र मंडल समता कालोनी स्थित अपने दिव्यांग बालिका विकास गृह का पुनर्निर्माण कर यहां मंगलवार, 30 दिसंबर दोपरह 2:30 बजे से सियान गुड़ी योजना का शुभारंभ कर रहा है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाज कल्याण विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े होंगी। विशेष अतिथि रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश मूणत और रायपुर नगर निगम के लोक निर्माण विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल होंगे। सियान गुड़ी (मराठी में आपुलकी योजना) में प्रशासन से मिली गाइड लाइन के अनुसार सुबह 9 से शाम 5 बजे तक योग- व्यायाम, नाश्ता- चाय, मनोरंजन, कौशल गतिविधि, परामर्श, स्वास्थ्य जांच, टेली कंसल्टेशन, समूह चर्चा, सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसी गतिविधियां होती रहेंगी। शाम 5 बजे के बाद वरिष्ठ नागरिक अपने- अपने घर लौट जाएंगे।
सियान गुड़ी महाराष्ट्र मंडल का नौंवा स्थायी प्रकल्प है। इससे पहले महाराष्ट्र मंडल आठ नियमित प्रकल्पों के माध्यम से समाजसेवा के कार्य कर रहा है। महाराष्ट्र मंडल में संत ज्ञानेश्वर इंग्लिश मीडियम स्कूल, दिव्यांग बालिका विकास गृह, कामकाजी महिला विकास गृह व छात्रावास (सखी निवास), शंकर नगर बाल वाचनालय व उद्यान, महाराष्ट्र मंडल भवन, अन्नपूर्णा योजना (मेस), मेडिकल एक्यूपमेंट योजना, फिजियोथैरेपी सेंटर जैसे स्थायी प्रकल्पों से हजारों लोग लाभान्वित हो रहे हैं।







