सेंदरी हाई स्कूल में गणित शिक्षा का क्रांतिकारी बदलाव

राजनांदगांव जिले के डोगरगढ़ विकासखंड के ग्राम सेंदरी का शासकीय हाई स्कूल इस समय पूरे प्रदेश में शिक्षा का उदाहरण बनकर उभर रहा है। यहां स्थापित संभवतः प्रदेश का पहला मैथ्स पार्क (Maths Park) बच्चों की पढ़ाई के तरीके को बदल रहा है और ग्रामीण शिक्षा की तस्वीर को नया रूप दे रहा है। कभी घोर नक्सल प्रभावित यह इलाका अब अभिनव शिक्षण पद्धति के जरिए सीखने-सिखाने का केंद्र बन गया है। इस अनोखे पार्क में शून्य के जनक आर्यभट्ट से लेकर महान गणितज्ञ रामानुजन् तक के सिद्धांतों को रोचक आकृतियों, मॉडल्स और गतिविधियों के माध्यम से जीवंत किया गया है। जटिल माने जाने वाले प्रमेय, आकृतियां और गणितीय अवधारणाएं अब बच्चों के लिए खेल-खेल में सीखने का साधन बन गई हैं। इससे न केवल गणित का भय समाप्त हुआ है, बल्कि विद्यार्थियों में गणित के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास भी पैदा हुआ है। पार्क में वैदिक गणित की सरल तकनीकों को शामिल किया गया है, जिससे तेज और सटीक गणना का अभ्यास बच्चों की क्षमताओं को निखार रहा है। इस तरह, ग्राम सेंदरी का यह हाई स्कूल पूरे प्रदेश में गणित शिक्षा में नवाचार का प्रतीक बनता जा रहा है।





