पखांजूर में अध्यक्ष ने पत्नी को सौंपे अधिकार, कानून की उड़ रही धज्जियाँ

रायपुर/कांकेर। पखांजूर नगर पंचायत में संविधान की धज्जियाँ उड़ती नजर आ रही हैं। नगर पंचायत के अध्यक्ष नारायण चंद्र साहा ने 3 नवंबर को अपने लेटरहेड पर एक ऐसा पत्र जारी किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि जब तक वे छुट्टी पर हैं, तब तक उनकी पत्नी मोनिका साहा पूरे प्रशासनिक, वित्तीय और कार्यकारी अधिकारों के साथ नगर पंचायत की कमान संभालेंगी। सभी अधिकारी उन्हें सहयोग और सम्मान दें। इस पत्र की प्रतिलिपि भाजपा जिला अध्यक्ष महेश जैन और मंडल अध्यक्ष दीपांकर राय को भी भेजी गई।
हालांकि पखांजूर के एसडीएम ने स्पष्ट किया कि अध्यक्ष की गैरमौजूदगी में केवल उपाध्यक्ष ही पद संभाल सकता है और वित्तीय अधिकार किसी और को देना गैरकानूनी है। अध्यक्ष साहा ने मीडिया से कहा कि यह पत्र उन्होंने ही जारी किया और उनकी छुट्टी कितने दिन की होगी, यह तय नहीं है। मोनिका साहा पूर्व पार्षद और पूर्व अध्यक्ष रह चुकी हैं, लेकिन कानून उन्हें उपाध्यक्ष को ही मान्यता देता है। इस विवाद पर कांग्रेस नेता सुनील गोस्वामी ने कहा कि भाजपा नेताओं को संविधान की ट्रेनिंग की जरूरत है और प्रशासनिक हुक्मनामा स्वयं अध्यक्ष नहीं लिख सकते।







