छत्तीसगढ़ भाजपा ने पुनः शुरू किया ‘सहयोग केंद्र’, मंत्री करेंगे कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान

छत्तीसगढ़ भाजपा ने कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए ‘सहयोग केंद्र’ को एक बार फिर शुरू करने का निर्णय लिया है। यह केंद्र 6 अक्टूबर से रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संचालित होगा। पहले दिन राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे और निराकरण करेंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं को दोपहर 1 से 2 बजे के बीच पंजीयन कराना होगा। पूर्व अनुभव को देखते हुए सहयोग केंद्र की जिम्मेदारी भाजपा नेता सच्चिदानंद उपासने को सौंपी गई है। डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और सहयोग पार्टी की प्राथमिकता है, और सभी मंत्री बारी-बारी से पार्टी कार्यालय में बैठेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वे स्वयं 14 अक्टूबर को कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में सत्ता में वापसी के बाद भाजपा ने यह सहयोग केंद्र शुरू किया था, लेकिन लोकसभा और नगरीय निकाय चुनाव की आचार संहिता के कारण अक्टूबर 2024 में इसे बंद करना पड़ा। अब करीब एक वर्ष बाद कार्यकर्ताओं की मांग पर इसे फिर से शुरू किया गया है। पहले चरण में पांच मंत्रियों की ड्यूटी तय की गई है, जिसमें 6 अक्टूबर को टंकराम वर्मा, 7 अक्टूबर को गजेंद्र यादव, 8 अक्टूबर को केदार कश्यप, 9 अक्टूबर को गुरु खुशवंत साहेब और 10 अक्टूबर को दयालदास बघेल कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
