कैबिनेट विस्तार को लेकर अंतिम मुहर लगाने जा रहे सीएम साय

रायपुर। प्रदेश की राजनीति में आज शाम बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। दरअसल सीएम विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार के कैबिनेट विस्तार को लेकर अंतिम मुहर लगने जा रही है। विश्वसनीय तौर पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने 14 सदस्यीय मंत्रिमंडल के गठन पर सहमति दे दी है।
शनिवार शाम मुख्यमंत्री साय ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल रामेन डेका से मुलाकात की थी। इसके बाद से ही राजनीतिक हलकों में कैबिनेट विस्तार की चर्चा तेज हो गई। बताया जा रहा है कि पार्टी ने कैबिनेट विस्तार को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है और शाम 4 बजे के बाद इसका औपचारिक ऐलान संभव है।
सूत्रों के मुताबिक, नई कैबिनेट में संगठन से जुड़े दो नेताओं और आरएसएस की पसंद के एक नेता को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। वहीं, मौजूदा मंत्रियों की कुर्सी बरकरार रहेगी और उनके विभागों में कोई बदलाव नहीं होगा।
यह विस्तार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की आगामी विदेश यात्रा से पहले संपन्न किया जाना प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री 21 अगस्त को जापान और दक्षिण कोरिया की आधिकारिक यात्रा पर रवाना होंगे। ऐसे में शपथ ग्रहण की प्रक्रिया 19 या 20 अगस्त तक पूरी की जा सकती है।
इस बार मंत्रिमंडल में महिला विधायक, पूर्व IAS अधिकारी और पूर्व मंत्री को भी जगह मिलने की संभावना है।
