राजकुमार दुबे ने लगाया वाहन चालक भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप, पढ़े पूरी खबर

कोरबा। जिले में वन विभाग कोरबा द्वारा हाल ही में आयोजित वाहन चालक भर्ती प्रक्रिया पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए लोक जनशक्ति पार्टी (रा.) ने इस भर्ती को निरस्त करने की मांग की है। पार्टी के जिलाध्यक्ष राज कुमार दुबे ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भर्ती प्रक्रिया में भारी घूसखोरी, पक्षपात और प्रशासनिक लापरवाही हुई है, जिससे योग्य उम्मीदवारों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि बिना निष्पक्ष जांच के यदि यह प्रक्रिया आगे बढ़ती है तो यह प्रशासनिक पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भर्ती प्रक्रिया को निरस्त नहीं किया गया, तो मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन और प्रधानमंत्री कार्यालय तक शिकायत पहुंचाई जाएगी। दुबे ने मांग की है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
