National

योगी मंत्रिमंडल विस्तार: ओपी राजभर और दारा सिंह चौहान समेत इन नेताओं ने ली शपथ

Share

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के दूसरे कार्यकाल में मंगलवार शाम को पहली बार मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ. इसके तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के विधायक अनिल कुमार और भाजपा के एमएलसी दारा सिंह चौहान तथा साहिबाबाद के विधायक सुनील शर्मा ने मंत्री पद की शपथ ली.

राष्ट्रीय लोक दल के प्रमुख जयंत सिंह चौधरी ने शनिवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की एवं वह औपचारिक रूप से सत्तारूढ़ राजग में शामिल हो गए. हाल तक विपक्षी दलों के समूह ‘इंडिया’ का हिस्सा रहे जयंत सिंह पिछले कुछ समय से भाजपा के निकट होते दिख रहे थे और उनके पितामह पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को केंद्र सरकार द्वारा ‘भारत रत्न’ दिये जाने के बाद यह करीबी बढ़ती गई.

इसके पहले योगी के नेतृत्व की पहली सरकार में वन मंत्री रहे दारा सिंह चौहान ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले मंत्री पद और भाजपा से इस्तीफा देकर सपा का दामन थाम लिया और 2022 में वह मऊ जिले की घोसी से विधानसभा सदस्य चुने गए. बाद में वह सपा और विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा में लौट आए.

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button