लखपति दीदी’ योजना में काम करने वाली महिलाएं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

छत्तीसगढ़ में एनआरएलएम (बिहान) योजना के तहत कार्यरत CRP और सक्रिय महिला संघ की सदस्यों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने शासन को ज्ञापन सौंपते हुए प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल और धरना प्रदर्शन का ऐलान किया। ज्ञापन में आठ प्रमुख मांगें रखी गई हैं, जिनमें मानदेय वृद्धि, मोबाइल और इंटरनेट भत्ता, यात्रा भत्ता, नियमितीकरण और नियुक्ति पत्र, तथा समय पर भुगतान शामिल हैं। महिलाओं का कहना है कि उन्हें वर्तमान में मात्र ₹1910 प्रति माह मानदेय मिलता है, जिससे घर चलाना मुश्किल है, और ऑनलाइन काम के खर्च खुद उठाने पड़ते हैं। ज्ञापन में नाराजगी जताते हुए कहा गया कि शासन “लखपति दीदी” योजना का प्रचार तो कर रहा है, लेकिन जो महिलाएं जमीन पर काम करके अन्य महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बना रही हैं, उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। सक्रिय महिला संघ की अध्यक्ष पद्मा पाटिल और महासचिव बिंदु यादव ने बताया कि जनवरी से लगातार प्रदर्शन और उपमुख्यमंत्री से मुलाकात के बावजूद केवल आश्वासन मिला है। महिलाओं का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा, और ज्ञापन मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और कलेक्टर को प्रेषित किया गया है।







