जंगल में मोर नाचा किसने देखा, मेरे अंगने में मोर नाचा सबने देखा

कोंडागांव। जिले के नहरपारा वार्ड में राष्ट्रीय पक्षी एक मोर रोजाना घर-घर जाकर नृत्य कर रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह मोर पास के गुरुकुल का है, मोर अब लोगों से बिल्कुल नहीं डरता। वह घरों के दरवाजे पर जाकर अपने पंख फैलाता है, और नृत्य करता है। शुरुआत में लोग उसके पास नहीं जाते थे, मोर भी लोगों से डर जाता था। लेकिन अब लोग उसे चांवल खिलाते हैं, मोर की यह अनूठी गतिविधि लोगों को आकर्षित कर रही है। वह आस-पास के घरों में पाली जा रही मुर्गियों के साथ भी खेलता है। कभी किसी के दरवाजे पर तो कभी घरों की छतों पर बैठा नजर आता है। आमतौर पर जंगलों या पार्कों में ही मोर को नाचते देखा जाता है। लेकिन यहां शहर के बीच में लोग रोज सुबह-शाम इस खूबसूरत नजारे का आनंद ले रहे हैं। राष्ट्रीय पक्षी मोर की इस अद्भुत सुंदरता को देखने के लिए लोग खास तौर पर इस इलाके में आने लगे हैं। यहां के लोग अब कहने लगे हैं कि जंगल में मोर नाचा किसने देखा, मेरे अंगने में मोर नाचा सबने देखा।
