मना करने पर युवक जाता रहा घर, दो भाइयों ने की हत्या

रायपुर। राजधानी स्थित भवानी नगर में बीती रात दो सगे भाईयों ने गैती और लोहे की रॉड से हमला एक युवक पर हत्या कर उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों ने मृतक को उनकी गैरमौजूदगी में घर आने से मना किया था। इसके बावजूद उसका घर में आना-जाना जारी रहा। बीती रात मौका पाकर ओमप्रकाश यादव और उसके भाई राहुल ने मिलकर पड़ोसी सुनील का कत्ल कर दिया। एक आरोपी प्लांटेशन और दूसरा आरोपी प्लंबर का काम करता था। यह पूरा मामला खम्हारडीह थाना इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक सुनील राव आपराधिक प्रवृति का था। वह आर्म्स एक्ट में दो बार जेल भी जा चुका था। भवानी नगर में चार भाई अपनी मां के साथ रहते थे। इनमें ओमप्रकाश की शादी हो चुकी है। मृतक सुनील राव चारों भाईयों की गैरमौजूदगी में घर आता-जाता रहता था। इसी को लेकर ओमप्रकाश और राहुल यादव ने सुनील को घर आने से मना कर दिया। लेकिन वह फिर भी ओमप्रकाश के घर आता जाता रहा।
शनिवार रात मौका पाकर दोनो सगे भाईयों ने गैती और लोहे की रॉड से हमला कर सुनील को मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी ओमप्रकाश यादव मौके से फरार हो गया। फ़िलहाल पुलिस ने दूसरे भाई राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया है। खम्हारडीह थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर दूसरे आरोपी ओमप्रकाश यादव की तलाश में जुटी है।
