उत्तराखंड सरकार ने महिला कर्मचारियों को दिया करवा चौथ का तोहफा

उत्तराखंड सरकार ने करवा चौथ के मौके पर राज्य की महिला कर्मचारियों के लिए बड़ा तोहफा देते हुए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह अवकाश महिलाओं की आस्था और सम्मान का प्रतीक है। इस फैसले से प्रदेशभर की महिला कर्मचारियों में खुशी की लहर है। सरकार ने सभी शासकीय, अशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी प्रतिष्ठानों में महिला कर्मचारियों को अवकाश देने का आदेश जारी किया है। महिलाओं ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है और मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
यह अवकाश महिलाओं को अपने परिवार के साथ करवा चौथ का त्योहार मनाने का मौका देगा। महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखती हैं और पूरे दिन भूखी-प्यासी रहती हैं। ऐसे में सरकार के इस फैसले से महिला कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह निर्णय मातृशक्ति के समर्पण, प्रेम और त्याग को सम्मान देने के उद्देश्य से लिया गया है।
