ChhattisgarhCrimeRegion

गोपनीय तरीके से रायपुर लाए गए चावल वाले बाबा, बोले – यह मेरे खिलाफ साजिश भी हो सकती है

Share

रायपुर। दुष्कर्म के आरोप में महासमुंद सेंट्रल जेल में बंद चर्चित कथावाचक और ज्योतिषाचार्य आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री उर्फ चावल वाले बाबा को शनिवार को गोपनीय तरीके से रायपुर लाया गया। उनकी तबीयत बिगडऩे की सूचना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतते हुए उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच रायपुर केंद्रीय जेल पहुंचाया। यहां आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें उपचार और चिकित्सकीय जांच के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) ले जाने की तैयारी की गई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नरेंद्र नयन शास्त्री को महासमुंद सेंट्रल जेल से सूमो वाहन क्रमांक सीजी 02 5072 में रायपुर लाया गया। उनके वाहन के साथ एक फॉलो गाड़ी भी सुरक्षा व्यवस्था के तहत चल रही थी। पुलिस ने पूरे ट्रांसफर ऑपरेशन को बेहद गोपनीय रखा, ताकि किसी प्रकार की भीड़ या अवांछित स्थिति उत्पन्न न हो। बताया जा रहा है कि शास्त्री की स्वास्थ्य संबंधी जांच के लिए सोनोग्राफी कराई जानी है। चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद उन्हें वापस महासमुंद केंद्रीय जेल भेजा जा सकता है।
रायपुर लाए जाने के दौरान जब मीडिया ने उनसे दुष्कर्म के आरोपों को लेकर सवाल किया तो उन्होंने सीधे तौर पर कोई जवाब नहीं दिया। हालांकि उन्होंने इतना जरूर कहा कि यह उनके खिलाफ किसी साजिश का हिस्सा भी हो सकता है। उन्होंने आरोपों पर विस्तृत टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
कौन हैं चावल वाले बाबा?
आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री मूल रूप से रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र के निवासी हैं। वे कथावाचन, धार्मिक आयोजनों और ज्योतिष परामर्श के माध्यम से प्रदेशभर में चर्चित रहे हैं। उनकी पहचान विशेष रूप से चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा के रूप में बनी। दावा किया जाता था कि वे चावल के दानों के आधार पर लोगों के जीवन, भविष्य और समस्याओं के बारे में जानकारी देते थे। इसी वजह से उनके आश्रम और धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते थे।
000

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button