कांकेर के जर्जर पुल-पुलियों पर विधानसभा में हंगामा, ठेकेदारों की ब्लैकलिस्टिंग की मांग

विधानसभा के बजट सत्र के आठवें दिन प्रश्नकाल में भाजपा विधायक विक्रम उसेंडी ने कांकेर जिले की जर्जर पुल-पुलियों की मरम्मत का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि निर्माण कब तक पूरा होगा, क्योंकि पुलिया संकरी और डैमेज हो चुकी हैं और रेलिंग भी नहीं लगी है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि भानुप्रतापपुर से पखांजूर मार्ग की 134 में से 114 पुल-पुलियों का काम पूरा हो चुका है, लेकिन अनुबंधक चले जाने के कारण बाकी कार्य नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि 11 पुल संकरे हैं, जिनकी सुधार के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा रही है और बजट में निर्माण कार्य शामिल है। विधायक उमेश पटेल ने दुर्घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि 77/2 सड़क पर अब तक 5 दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इस पर आसंदी ने कहा कि कार्य न कर पाने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाना चाहिए। मंत्री अरुण साव ने स्वीकार किया कि सड़क महत्वपूर्ण है और मरम्मत के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।







