ChhattisgarhRegion

संयुक्त राष्ट्र की डेलिगेट किर्सी करेंगी धुड़मारास का भ्रमण

Share

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्थित ग्राम धुड़मारास जल्द ही अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के मानचित्र पर अपनी चमक बिखेरने को तैयार है। संयुक्त राष्ट्र से संबद्ध अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ और हिवा कोचिंग एंड कंसल्टिंग की संस्थापक एवं सीईओ सुश्री किर्सी ह्यवैरिनेन आगामी 23 से 28 फरवरी 2026 तक बस्तर के प्रवास पर रहेंगी। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य धुड़मारास और उसके आस-पास के क्षेत्रों में ऑन-साइट मेंटरशिप और योजना कार्य के माध्यम से स्थानीय पर्यटन को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करना है। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और जिला प्रशासन बस्तर के समन्वय से आयोजित इस भ्रमण के दौरान सुश्री किर्सी स्थानीय हितधारकों, ग्रामीणों और हस्तशिल्पियों के साथ सीधा संवाद कर पर्यटन के नए अवसरों की पहचान करेंगी।
सुश्री किर्सी का छह दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम की शुरुआत 23 फरवरी को जगदलपुर आगमन और विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के भ्रमण के साथ होगी। इस दौरान वे धुड़मारास में पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेंगी और धुर्वा डेरा होमस्टे के माध्यम से स्थानीय जीवनशैली व खान-पान का अनुभव करेंगी। उनके इस प्रवास में बाँस हस्तशिल्प कारीगरों के साथ तकनीकी चर्चा, कोटमसर गुफा और तीरथगढ़ जलप्रपात का भ्रमण तथा कायकिंग व राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियों का तकनीकी अवलोकन भी शामिल है। विशेष रूप से वे स्थानीय समुदायों को यूनाइटेड नेशंस बेस्ट टूरिज्म विलेज अपग्रेड प्रोग्राम के बारे में जानकारी देंगी और सतत ग्रामीण विकास के लिए राष्ट्रीय व क्षेत्रीय पर्यटन ढांचे पर अपनी विशेषज्ञ राय साझा करेंगी। यह दौरा न केवल बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने पेश करने का जरिया बनेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए द्वार भी खोलेगा।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button