दो युवतियों को झांसा तीसरी से शादी की तैयारी के फेर में गिरफ्तार
पेंड्रा अमरपुर। एक युवक ने दो युवतियों से प्रेम संबंध बनाए और तीसरी युवती से शादी की तैयारी करने वाले को पुलिस ने पकड़ा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला पेंड्रा थाने के कोटमी चौकी के सेखवा गांव निवासी रविंद्र केवर्त से जुड़ा है। रविंद्र का प्रेम संबंध दो अलग-अलग युवतियों से था। इनमें से एक युवती मरवाही क्षेत्र के चंगेरी गांव की रहने वाली है, जबकि दूसरी युवती गौरेला की निवासी बताई जा रही है। आरोपी लंबे समय से दोनों युवतियों के संपर्क में था और उनसे शादी का वादा कर उनके साथ संबंध बनाता रहा। आरोपी चुपके- चुपके तीसरी युवती से शादी की तैयारी कर रहा था।
इसकी जानकारी दोनों प्रेमिकाओं को लगी। इसके बाद मरवाही थाना निवासी युवती ने कोटमी चौकी पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि रविंद्र केवर्त ने उसे शादी का झांसा देकर दैहिक संबंध बनाया और बाद में शादी से इनकार कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। सोशल मीडिया पर आरोपी की कई अन्य युवतियों के साथ तस्वीरें भी सामने आ रही हैं। संदेह जताया जा रहा है कि वह और भी लड़कियों को अपने जाल में फंसा चुका है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं ।




