करोड़ों की लागत से होगा दो सड़कों का चौड़ीकरण
दुर्ग। सड़क चौड़ीकरण के दो बड़े कार्यों के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। महापौर अल्का बाघमार ने कहा कि ये दोनों कार्य मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट प्रावधान में शामिल हैं, जिनसे शहर के यातायात और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उरला मुख्य मार्ग से प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तक सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए कुल 297.04 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना में कंसल्टेंसी शुल्क 2.93 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। यह मार्ग शहर के महत्वपूर्ण हिस्सों को जोड़ता है, जिससे इस सड़क के चौड़ीकरण के बाद यातायात का दबाव कम होगा और आवागमन सुगम होगा।
वहीं दूसरी ओर अधिक व्यापक परियोजना के तहत गुंडरदेही रोड से गौठान, प्रधानमंत्री आवास, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय होते हुए पोटिया चौक तक सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए कुल 363.52 लाख रुपये की प्रशासकीय मंजूरी प्रदान की गई है। इस परियोजना में 12.89 लाख रुपये कंसल्टेंसी शुल्क तय किया गया है।







