Madhya Pradesh
भोपाल में शादी हॉल संचालक के घर से 2 रायफल और 99 जिंदा कारतूस बरामद, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज

भोपाल में पुलिस ने एक शादी हॉल संचालक के घर से अवैध हथियार और बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। क्राइम पुलिस ने सर्च वारंट लेकर मुखबिर की सूचना पर ऐशबाग इलाके के अहाता मनकशा के पास स्थित घर में दबिश दी। जांच के दौरान पुलिस को 22 बोर की हाई पावर रायफल और दो जिंदा कारतूस के साथ एक अन्य .22 रायफल और 97 जिंदा कारतूस मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया। आरोपी आलम अली इलाके में आलम शादी हॉल का संचालन करता है। पूछताछ में उसने बताया कि उसने ये हथियार और कारतूस अपने एक परिचित से खरीदे थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया और पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। साथ ही अवैध हथियार बेचने वाले अन्य आरोपी की भी तलाश की जा रही है।







