ChhattisgarhCrimeRegion

7 बोरियों में छिपाकर रखे 112 किलो गांजे के साथ 2 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Share

जशपुर। ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को पत्थलगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया। जब्त गांजे की कीमत करीब 54 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि वाहन सहित कुल जब्ती लगभग 56 लाख रुपये की बताई जा रही है।आरोपी तस्कर 7 बोरियों में 112 किलो 770 ग्राम गांजे को वाहन में छिपाकर रखे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस के माध्यम से मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में भारी मात्रा में गांजा तस्करी कर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पत्थलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की। संदिग्ध टोयोटा इलियट कार (डीएल-3सीबी-5298) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन तेज गति से भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया। कुछ दूरी पर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले में फंस गया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। गांजे को कार की पिछली सीट के नीचे और अन्य हिस्सों में छिपाकर रखा गया था। कुल 7 प्लास्टिक बोरियों में 108 पैकेट गांजा मिला, जिसका वजन 112 किलो 770 ग्राम पाया गया। आरोपियों के पास किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज नहीं मिले।
पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीव कुमार नट (30), निवासी इटावा (उत्तर प्रदेश) और विजय पंडित (28), मूल निवासी वैशाली (बिहार) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में लोनावाला (महाराष्ट्र) में रह रहा था। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि गांजा ओडिशा के संबलपुर से खरीदा गया था और उसे उत्तर प्रदेश तक पहुंचाना था।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button