तुलसी वाटर पार्क पर छापा, अवैध स्पा और देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ 6 हिरासत

रतलाम जिले के पंचेड़-नामली मार्ग स्थित ‘तुलसी वाटर पार्क’ में पुलिस ने अवैध स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर एएसपी विवेक कुमार लाल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गुप्त रूप से फर्जी ग्राहक बनकर मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसके बाद पुख्ता सबूत मिलने पर पूरे परिसर में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान परिसर के भीतर बनाए गए छह कमरों में संदिग्ध गतिविधियां पाई गईं, जहां थाईलैंड की तीन युवतियां और तीन युवक आपत्तिजनक परिस्थितियों में मिले। पुलिस ने वाटर पार्क के मैनेजर दिलीप ठाकुर सहित कुल छह लोगों को हिरासत में लिया है। तलाशी के दौरान कमरों से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि पूरी कार्रवाई को अत्यंत गोपनीय रखा गया और स्थानीय पुलिस को भी इसकी जानकारी नहीं दी गई थी। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।







