ट्रेड डील से पहले ट्रंप ने टैरिफ का फैसला 1 अगस्त तक टाला

वाशिंगटन। अमेरिका-भारत ट्रेड डील पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नरम रुख अपनाया है। ट्रंप ने भारत पर जवाबी टैरिफ लगाने के फैसले को 1 अगस्त तक टाल दिया है। इससे भारतीय निर्यातकों को राहत मिलेगी। भारत और अमेरिका को ट्रेड डील समझौते को अंतिम रूप देने के लिए लंबित मुद्दों को सुलझाने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। ट्रंप प्रशासन ने सोमवार को विभिन्न देशों को ‘पत्र’ भेजे जिसमें उन देशों के उत्पादों पर अमेरिका द्वारा लगाए जाने वाले शुल्कों का ब्योरा है। इसमें भारत को शामिल नहीं किया है । गौरतलब है कि 2 अप्रैल को अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 26% का एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने का ऐलान किया था, लेकिन इसे 90 दिनों के लिए स्थगित कर दिया था। यह तारीख 9 जुलाई को खत्म हो रही है। अब इसे 1 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है।
वित्त वर्ष 2021-22 से अमेरिका भारत का सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर रहा है। वस्तुओं का बाइलेट्रल ट्रेड 2024-25 में 131.84 अरब अमेरिकी डॉलर रहा था। इसमें 86.51 अरब डॉलर का निर्यात, 45.33 अरब डॉलर का आयात और 41.18 अरब डॉलर का व्यापार अधिशेष शामिल है।
बांग्लादेश, बोस्निया एंड हर्जेगोविना, कंबोडिया, इंडोनेशिया, जापान, कजाकिस्तान, लाओ पीपुल्स डेमोक्रेटिक रिपब्लिक, मलेशिया, सर्बिया, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड और ट्यूनीशिया को ट्रंप द्वारा हस्ताक्षरित पत्र भेजे गए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति ने एक अलग कार्यकारी आदेश में कई अन्य देशों पर बढ़ाए गए शुल्क को टालने की अवधि एक अगस्त तक बढ़ा दी है। शुल्क पर यह 90 दिवसीय निलंबन नौ जुलाई को समाप्त होना था।
