शहर में मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध से व्यापार ठप, प्रतिबंध के खिलाफ सभी व्यापारिक संघों ने जताया भारी विरोध

रायपुर। राजधानी के तेलीघानी नाका एवं फाफाडीह चौक जैसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्रों में शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर लगे प्रतिबंध से उपजी समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी एवं ट्रांसपोर्ट एसोसियेशन के प्रतिनिधि मंडल की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में राजधानी गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और छत्तीसगढ़ परचून ट्रांसपोर्ट संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों सहित 200 से अधिक ट्रांसपोर्टर उपस्थित रहे।
ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों ने साझा रूप से अपनी परेशानियां बताईं-जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान, कूलर, ए.सी. और अन्य जरूरी उत्पादों की डिलीवरी समय पर नहीं हो पा रही है। गोदामों तक माल नहीं पहुँचने के कारण व्यापारियों को भारी वित्तीय हानि हो रही है। रायपुर एक होलसेल मंडी है जहाँ से पूरे प्रदेश में माल जाता है। प्रतिबंध के कारण 90 प्रतिशत माल की आवाजाही रुक गई है, लोडिंग-अनलोडिंग के लिए प्रशासन द्वारा कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं दी गई है।
बैठक को संबोधित करते हुए चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि व्यापारिक गतिविधियों का इस तरह बाधित होना न्यायसंगत प्रतीत नहीं होता। गर्मी के सीजन में कूलर और ए.सी.एवं दैनिक उपभोग की वस्तुओं, उत्पादों की मांग चरम पर होती है, ऐसे में वाहनों पर प्रतिबंध से व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। चेम्बर जल्द ही इस विषय को प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के समक्ष मजबूती से रखेगा साथ ही आश्वासन दिया कि व्यापारी प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच तत्काल एक बैठक आयोजित की जाएगी ताकि यातायात व्यवस्था भी बनी रहे और व्यापार पर भी प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि हम प्रशासन के समक्ष ट्रांसपोर्टरों के लिए शहर के बाहर व्यवस्थित जमीन उपलब्ध कराने की मांग रखेंगे ताकि शहर को ट्रैफिक से निजात मिले और व्यापारियों का काम भी सुचारू रूप से चल सके।







