राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान पाने वालों में बीजापुर के 3 शिक्षक शामिल

बीजापुर। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को राज्य स्तर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सम्मानित किया गया। एफएलएन सह नवाजतन वारियर्स शिक्षक सम्मान 2026 के तहत प्रदेशभर के चयनित शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए राज्य के लगभग 72 हजार शिक्षकों में से चयन प्रक्रिया पूरी की गई। वेब पोर्टल के माध्यम से शिक्षकों के नवाचार, शैक्षणिक गतिविधियों और चुनौतियों से निपटने की क्षमता का मूल्यांकन किया गया। इसके बाद विशेषज्ञ टीम द्वारा साक्षात्कार लेकर प्रदेश के 100 श्रेष्ठ शिक्षकों का चयन किया गया।
बीजापुर से भी शिक्षकों ने अपनी उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज कराते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया। इनमें श्रीमती रंजीता उमेश नक्का (प्रधान अध्यापक, कन्या आश्रम मिगाचल), भूपेन्द्र कुमार मिच्चा (प्रधान अध्यापक, बालक आश्रम गुदमा) और चिमन लाल चंदेल (सहायक शिक्षक, प्राथमिक शाला मिनकापल्ली, विकासखंड भोपालपटनम) शामिल रहे। कार्यक्रम में श्रीमती उमेश्वरी साहू के विद्यालय का नवाचार वीडियो भी प्रस्तुत किया गया, जिसे अतिथियों ने खूब सराहा। शिक्षकों द्वारा किए जा रहे रचनात्मक प्रयासों और नवाचारों की विशेष प्रशंसा की गई। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, एफएलएन नवाजतन रिसोर्स टीम के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। इस सम्मान से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरणा मिल रही है।







