खड़े ट्रक के पीछे अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल घुसी, तीन की मौत

बालोद। जिले के जमही टोल प्लाजा के ग्राम गुजरा के पास शनिवार की देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे का कारण खड़े ट्रक के पीछे अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल का घुसना बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 24 आर 1255 पर सवार ग्राम गुजरा निवासी विनोद पिता गुहराम, प्रशांत पिता गंगाराम एवं हरीश पिता हेमंत तेज रफ्तार से जा रहे थे। इसी दौरान खड़े ट्रक के पीछे अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से तीनों को जिला अस्पताल बालोद भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।







