दो सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत, 4 गंभीर
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। निर्माण कार्य में लगे गाड़ियों की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस मामले में पूर्व विधायक समेत कांग्रेस नेताओं ने थाने में कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दूसरे सड़क हादसे में शादी की खुशियां मातम में बदल गई। बारात से लौट रही कार हादसे का शिकार हो गई। इस हादसों में 3 लोगों की मौत हो गई और 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
शादी में शामिल होने कार से दो दोस्त बैकुंठपुर गए थे। यहां से लौटने के दौरान उनकी कार सड़क में पलट गई। इसमें चिरमिरी के डोमनहिल निवासी युवकों की मौत हो गई और 4 लोग घायल हो गए हैं। घटना बैकुंठपुर के चेर गांव में हुई है। मृतकों में 22 वर्षीय आर्यन सोनवानी और 23 वर्षीय कुलदीप सिंह आदि शामिल हैं। वहां मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उनका इलाज निजी अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस ने मृतकों के शव पंचानामा कर पोस्टरमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीँ एक अन्य हादसे में ग्राम पंचायत परसगढ़ी में युवक की मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य में लगे डी वी प्रोजेक्ट लिमिटेड की गाड़ी से टक्कर के कारण हादसा हो गया। घटना की सूचना पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो और कांग्रेस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कोतवाली थाना पहुंचकर उक्त कंपनी के खिलाफ शिकायत दी। मामले में पुलिस से कड़ी कार्रवाई और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व से मुआवजे की मांग की है।



