जिले में अपराध की तीन बड़ी घटनाएं गैंगस्टर गिरफ्तार, युवक से मारपीट और होटल के बाहर से अपहरण

जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अपराध की तीन बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। मुरार थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर 5 मार्च को आमोद राणा नाम के युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। इस मामले में पुलिस ने गैंगस्टर विक्रम राणा को राजस्थान के धौलपुर से गिरफ्तार किया है। उसके साथ गजेंद्र कोली उर्फ गडरा, कपिल रावत और जीतू गुर्जर को भी पकड़ा गया है, जबकि जीतू गुर्जर के पास से एक पिस्टल बरामद हुई है। वहीं कोतवाली थाना क्षेत्र के हुजरात चौराहे पर पुरानी पारिवारिक रंजिश के चलते अरविंद गुर्जर और उसकी मां के साथ आलोक गुर्जर, शत्रु गुर्जर, मोहित गुर्जर और भरत गुर्जर ने मारपीट की, जिसका वीडियो भी सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा थाटीपुर थाना क्षेत्र के गायत्री विहार स्थित बागवान होटल के बाहर से होटल रिसेप्शनिस्ट श्यामू राणा का अपहरण कर लिया गया। बदमाशों ने उसे कार में बैठाकर उसके साडू उप्पे राणा के बारे में पूछताछ की और मारपीट करते हुए मुरार इलाके में घुमाने के बाद गोविंदपुरी के पास छोड़ दिया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है और पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







