राज्य के 14 जिलों में नही है पूर्णकालिक खेल अधिकारी पदस्थ

रायपुर। खेल विभाग द्वारा राज्य में उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषणा का मामला विधायक श्रीमती गोमती साय ने उठाते हुए मंत्री से पूछा कि राज्य में विगत अनेक वर्षों से उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किए जाने की प्रक्रिया लंबित है? उप मुख्यमंत्री व लोक निर्माण अरूण साव ने बताया कि वर्ष 2009 से वर्ष 2014 तक 181 उत्कृष्ट खिलाड़ी एवं वर्ष 2018 में 01 उत्कृष्ट खिलाड़ी इस प्रकार कुल 182 उत्कृष्ट खिलाड़ी की घोषणा शासन स्तर से की जा चुकी है। राज्य में 2018-19 एवं 2019-20 में जारी विज्ञापन अनुवर्तन में उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषणा संबंधी कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
गोमती ने फिर पूछा कि क्या उक्त विलंब के कारण अनेक पात्र खिलाडिय़ों की आयु सीमा समाप्त होने के कारण वे शासकीय सेवा, खेल कोटा तथा अन्य रोजगार अवसरों से वंचित हो रहे हैं? इस हेतु कौन जिम्मेदार है? मंत्री साय ने बताया कि पात्र खिलाडियो को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है शासकीय सेवाखेल कोटा तथा अन्य रोजगार अवसरो से वंचित नहीं हो रहे है। विधायक गोमती ने सवाल किया कि राज्य के कितने जिलों में वर्तमान में पूर्णकालिक खेल अधिकारी पदस्थ नहीं हैं तथा किन जिलों में जिला प्रभारी अधिकारियों के माध्यम से खेल गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं? मंत्री साव ने सदन को बताया कि वर्तमान में राज्य के 14 जिलों में पूर्णकालिक खेल अधिकारी पदस्थ नही है। जिला जशपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, जॉजगीर-चॉपा, बीजापुर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, गरियाबंद, धमतरी, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी, गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही, सांरगढ़-बिलाईगढ़, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर एवं सक्ति जिला में जिला प्रभारी अधिकारियों के माध्यम से खेल गतिविधियों संचालित की जा रही है। शेष जिलों में खेल एवं युवा कल्याण विभाग में पूर्णकालिक सहायक संचालक/वरिष्ठ खेल अधिकारी/खेल अधिकारी पदस्थ है।
गोमती ने फिर पूछा कि राज्य के कितने खेल परिसरों एवं अकादमियों में प्रशिक्षकों के पद रिक्त हैं तथा उन्हें भरने हेतु शासन द्वारा अब तक क्या कार्रवाई की गई है? इस पर मंत्री साव राज्य के 5 अकादमियों में प्रशिक्षकों के पद रिक्त है तथा उन्हें भरने हेतु छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल को प्रशिक्षकों की सीधी भर्ती की कार्यवाही हेतु दिनांक 07.11.2025 को प्रस्ताव प्रेषित किया गया है।







