मत्स्य अधिकारी और शिक्षिका के सूने मकान में चोरी

कोरबा। जिले के शिवाजी नगर के एक सुने मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए घर के आंगन में खड़ी आर्टिका कार (CG18J3707) और टीवीएस स्कूटी (CG12B2460) ले उड़े। इसके अलावा घर के अंदर अलमारियां टूटी मिलीं और सामान बिखरे हुए पाए गए। घर के मालिक मनोज कुमार पैकरा रायपुर में मत्स्य विभाग में संचालक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी सुनीता पैकरा कोरबा में शासकीय शिक्षिका हैं। मिली जानकारी के अनुसार पूरा परिवार गर्मी की छुट्टी बिताने देहरादून-केदारनाथ गया हुआ है। आज सुबह जब मोहल्ले वालों ने देखा कि पड़ोसियों का ताला टूटा हुआ है और गाड़ियां भी खड़े नहीं हैं तो उन्होंने पड़ोसी को कॉल किया। जब घर के अंदर जाकर देखा गया तो ताला टूटा हुआ और सामान बिखरे हुए थे। आंगन में खड़ी गाड़ियां गायब थीं। पड़ोसियों ने मनोज कुमार पैकरा को कॉल किया और पूरी घटना की जानकारी दी।
मनोज कुमार पैकरा ने अपने साले राजेश कुमार कंवर को पूरी घटना की जानकारी दी और पुलिस कंप्लेंट करने को कहा। राजेश कुमार तुरंत सिविल लाइन थाना पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस जांच में जुट गई है।
