डोंगरगढ़ भाजपा में नहीं थम रहा इस्तीफों का दौर, नई नियुक्ति के अगले दिन ही सह संयोजक पंकज ने दिया पद से इस्तीफा

राजनांदगांव। डोंगरगढ़ भाजपा में इस्तीफों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे, फिर 26 नेताओं के पद छोडऩे और उसके बाद लगातार सामने आ रहे इस्तीफों के बीच अब भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की नई जिला कार्यकारिणी घोषित होने के अगले ही दिन डोंगरगढ़ मंडल के सह संयोजक पंकज अग्रवाल ने भी भी निजी कारणों का हवाला देते हुए पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।
पंकज अग्रवाल ने भाजपा जिलाध्यक्ष को भेजे अपने इस्तीफे में बताया कि वे भाजपा आईटी सेल में सक्रिय रूप से कार्यरत रहे हैं। हालांकि, व्यक्तिगत और व्यावसायिक कारणों से अब वे संगठन को अपेक्षित समय नहीं दे पा रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने भाजपा आईटी सेल की जिम्मेदारियों के साथ-साथ पार्टी के सभी पदों से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है। उन्होंने अपने पत्र में पार्टी नेतृत्व द्वारा दिए गए अवसर, मार्गदर्शन और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पार्टी के प्रति सम्मान और शुभकामनाएं बनाए रखने की बात कही है।
पंकज अग्रवाल के इस्तीफे की खास बात यह है कि उन्होंने अपने पत्र में किसी भी पदाधिकारी, नेता या संगठन के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से निजी और व्यावसायिक कारणों का हवाला देते हुए पद छोडऩे की बात कही है। हालांकि, उनका इस्तीफा ऐसे समय सामने आया है जब डोंगरगढ़ भाजपा पहले से ही लगातार आंतरिक असंतोष और संगठनात्मक संकट का सामना कर रही है।







