ChhattisgarhRegion

उत्कर्ष योजना से राज्य के विद्यार्थियों को मिल रहा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

Share

रायपुर। राज्य शासन द्वारा पं. जवाहर लाल नेहरू उत्कर्ष योजना के तहत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के प्रतिभाशाली लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराया जा रहा है। गौरतलब है कि इस योजना के अंतर्गत कक्षा 6 वीं से 12 वीं तक के विद्यार्थियों को राज्य के प्रतिष्ठित निजी आवासीय विद्यालयों में प्रवेश दिलाकर नि:शुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है।
योजना के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 200 विद्यार्थियों को राज्य के उत्कृष्ट निजी विद्यालयों में प्रवेश दिया जाता है, जिनमें से लगभग 130 विद्यार्थी अनुसूचित जनजाति वर्ग से होते हैं। शासन द्वारा इस योजना के लिए निरंतर बजट का प्रावधान भी किया जा रहा है। वर्ष 2023-24 में 1000 लाख रुपये, 2024-25 में 1100 लाख रुपये तथा 2025-26 में 1100 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों का शैक्षणिक प्रदर्शन भी सराहनीय रहा है।
वर्ष 2022-23 में 10वीं का परिणाम 100 प्रतिशत तथा 12 वीं का परिणाम 94.95 प्रतिशत रहा। वहीं 2023-24 में 10 वीं का परिणाम 97.26 प्रतिशत तथा 12 वीं का परिणाम 90.24 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसके अलावा 2024-25 में 10 वीं का परिणाम 100 प्रतिशत तथा 12 वीं का परिणाम 97.75 प्रतिशत रहा, जो योजना की सफलता को दर्शाता है। इस प्रकार पं. जवाहर लाल नेहरू उत्कर्ष योजना के माध्यम से अनुसूचित जाति/जनजाति विकास विभाग आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रप्रदान कर उनके भविष्य उज्ज्वल बन रहा है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button