ChhattisgarhRegion

रथ आगमन से लेकर समारोह स्थल तक तैयारियों की सभी समाजों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

Share

रायपुर। 16 फरवरी को रायपुर पहुंचने वाली छत्रपति शिवाजी महाराज की राष्ट्रीय गौरव यात्रा का टाटीबंध चौक पर शानदार स्वागत किया जाएगा। उसके बाद यात्रा का रूट मैप, सभा स्थल और महाराष्ट्र से आने वाले लगभग 500 यात्रियों के रुकने- भोजन की व्यवस्था सहित हर तरह की तैयारियों की जवाबदारी सुनिश्चित कर दी गई है। महाराष्ट्र मंडल में शुक्रवार देर शाम तक चली बैठक में सभी समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित हुए। उन्हें कार्यक्रम की भव्यता के मद्देनजर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने बताया कि गौरव यात्रा के टाटीबंध प्रवेश से लेकर कृषि मंडपम, इंदिरा गांधी कृषि विश्व विद्यालय तक का रूपमैट, प्रशासन से अनुमति, मार्ग सजावट, ध्वजा आदि की जिम्मेदारी मराठा समाज, कुर्मी समाज, कुनबी समाज, अग्रवाल दाऊ समाज, महाराष्ट्रियन तेली समाज के प्रमुखों को सौंपी गई है। वहीं तात्यापारा चौक पर शिवाजी महाराज की प्रतिमा की पूजा- अर्चना, माल्यार्पण का जिम्मा सभी समाजों के महिला मंडल का होगा। इस अवसर पर सभी समाजों की महिलाएं एक ड्रेस कोड में नजर आएंगी।
कृषि विवि में आयोजित स्वागत समारोह में आवास और भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी धनंजय शर्मा, अजय शर्मा, धनंजय वर्मा और अजय मधुकर काले ने अपने जिम्मे ली। वहीं कार्यक्रम स्थल पर स्टेज सजावट, लाइट, माइक, स्वागत- सत्कार, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बैठक व्यवस्था की जिम्मेदारी डॉ कुलदीप सोलंकी, सुबोध टोले, सभी समाज की महिला प्रमुख को सौंपी गई।
छत्रपति शिवाजी महाराज की माता जिजाऊ बाई के मायके सिंधखेड़ से 12 फरवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज के भव्य रथ को लेकर शुरू होने वाली राष्ट्रीय गौरव यात्रा नासिक, जालना, अमरावती, नागपुर, राजनांदगांव, दुर्ग – भिलाई से होते हुए 16 फरवरी शाम चार बजे रायपुर पहुंचेगी। टाटीबंध चौक से मुख्य मार्ग होते हुए यात्रा तात्यापारा चौक पहुंचेगी। जहां शिवाजी महाराज की प्रतिमा के समक्ष पूजा- अर्चना की जाएगी। इसके उपरांत शाम छह बजे इंदिरा गांधी कृषि विश्व विद्यालय में स्वागत समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इधर गौरव यात्रा को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। रथ के रायपुर आगमन से लेकर स्वागत समारोह तक सब कुछ खास और यादगार बनाने की तैयारी में सर्व समाज जुटा हुआ है।
बैठक में डा. कुलदीप सोलंकी, लोकेश पवार, धनंजय सिंह वर्मा, ललित कांकडे, सविता बघेल, डा. मुक्ति बैस, शंकर वर्मा, भरत भूषण चंद्रवंशी, पराग दलाल, अभय भागवतकर, दीपक राव इंगले, सुमीत ढिंगे, गणेशा जाधव पाटिल, मालती मिश्रा, नमिता शेष, अमित डोये, चंद्रिका परगहनिया, पुष्पलता वर्मा, केएस वर्मा, अतुल गद्रे, श्याम सुंदर खंगन, सुकृत गनोदवाले सहित विभिन्न समाजों के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जाणता राजा का मंचन 19 से
बैठक में अजय काले ने महत्वपूर्ण जानकारी दी कि युवा आयोग और सर्व समाज के सौजन्य से 19 से 22 फरवरी तक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित एशिया के सबसे बड़े महानाट्य ‘जाणता राजाÓ का मंचन रायपुर के सप्रे शाला मैदान में किया जाएगा। इस चार दिवसीय नाट्यमंचन में रायपुर के रंगकर्मियों को भी अपनी कला प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा। इसके लिए बाकायदा ‘जाणता राजाÓ की टीम से जुड़े विशेषज्ञ 10 फरवरी को रायपुर आएंगे और स्थानीय कलाकारों का नाटक के लिए न केवल चयन करेंगे, बल्कि उनके साथ रिहर्सल भी करेंगे।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button