ChhattisgarhCrime
22 फीट ऊँची दीवार फांदकर कैदी फरार

बिलासपुर। बिलासपुर के सेंट्रल जेल में सुरक्षा व्यवस्था की खामियां उस समय उजागर हो गईं, जब चोरी के मामले में बंद कैदी राजा गोंड ने 22 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार होने का कारनामा कर दिखाया। करंट से लैस इस दीवार को पार कर कैदी ने जेल प्रशासन को सकते में डाल दिया। हालांकि, कुछ घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे सरकंडा क्षेत्र से देर रात गिरफ्तार कर लिया।
मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा से चोरी के आरोप में पकड़ा गया राजा गोंड सेंट्रल जेल में बंद था। 8 जून की शाम उसने गार्ड्स को चकमा देते हुए जेल की 22 फीट ऊंची दीवार को पार कर लिया। इस घटना की जानकारी एक परिचित ने 112 नंबर पर कॉल करके दी, जिसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई। सरकंडा क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने कैदी को देर रात दबोच लिया और उसे दोबारा सेंट्रल जेल में बंद कर दिया गया।
