Chhattisgarh

भाजपा सरकार की प्राथमिकता जनसुविधाओं का विस्तार और प्रदेश का विकास है : भावना

Share

कवर्धा। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार आने के बाद से प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहें हैं। इसी कड़ी में पंडरिया और पांडातराई शहर के सौन्दर्यीकरण एवं वहां मूलभूत सुविधाओं के विस्तार हेतु वर्षों से चल रही मांग आज पंडरिया विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से पूरी हो रही है।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा नगर पालिका परिषद् पंडरिया एवं नगर पंचायत पांडातराई के सौन्दर्यीकरण, मूलभूत सुविधाओं और अधोसंरचना विकास हेतु 5 करोड़ 40 लाख रुपए की स्वीकृति दी है। इसमें नगर पालिका परिसद पंडरिया के सौन्दर्यीकरण, अधोसंरचना, मूलभूत व आवश्यक सुविधाओं के विस्तार हेतु 3 करोड़ रुपए एवं नगर पंचायत पांडातराई हेतु 2 करोड़ 40 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है।

विदित हो की पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा उप मुख्यमंत्री अरुण साव को पत्र के माध्यम से पंडरिया एवं पांडातराई शहर के विकास व सौन्दर्यीकरण, स्वच्छता, जनता की मूलभूत सुविधाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं के विस्तार हेतु प्रस्ताव प्रेषित किया था। उनके प्रस्ताव और जनता के हित को देखते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा आज 5 करोड़ 40 लाख रुपए की राशि को पंडरिया एवं पांडातराई क्षेत्र के विकास हेतु स्वीकृति दी गई है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में अधोसंरचना मद अंतर्गत विकास कार्यों के लिए राशि की स्वीकृति दी गई है जिसके लिए भावना बोहरा ने पूरे पंडरिया विधानसभा की जनता की ओर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया है।

इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह हम सभी के लिए अत्यंत ही हर्ष का विषय है कि विगत पांच वर्षों में कांग्रेस के कुशासन से त्रस्त होकर प्रदेश की जनता ने भाजपा पर अपना विश्वास जताया वह विश्वास अब क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के रूप में जन-जन तक पहुँच रहा है। मैनें हमेशा ही जनसेवा और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता के साथ जनता की सुविधाओं और क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए एक जनप्रतिनिधि के रूप में अपने कर्तव्यों को पूरा करने का हमेशा प्रयास किया है। यह जो विकास की सौगात मिली है वह भी जनता के सुझाव से ही मिले हैं, क्षेत्र की जनता से जब भी संवाद होता है तो मैनें हमेशा उनके सुझाव को प्राथमिकता से सुना है और उसपर अमल करने का प्रयास किया है। आज जो यह विकास की सौगात जनता को मिली है उससे क्षेत्रवासियों में भी ख़ुशी स्पष्ट दिखाई दे रही है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button