Chhattisgarh
बस्तर में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर खनिज विभाग ने चलाया सख्त अभियान

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिला में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग ने सख्त अभियान चलाया है। पिछले 9 दिनों में विभाग की छापेमारी में अवैध गतिविधियों में संलिप्त 16 वाहनों को जब्त किया गया। इस दौरान रेत, चूना पत्थर और लाल ईंट का अवैध परिवहन कर रहे ट्रैक्टर, हाइवा और टिप्परों को पकड़ा गया, जो ग्राम कंगोली, परपा, बालेंगा, लालबाग और पल्लीनाका जैसे क्षेत्रों से गुजर रहे थे। इसके अलावा मूतनपाल क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन करते हुए एक चेन माउंटेड पोकलेन मशीन को भी जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंपा गया। सभी 16 प्रकरणों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 और खान एवं खनिज (विकास तथा विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की गई है।







