प्रेमी ने ही की थी मृतका की हत्या
कोरबा। डेढ़ साल पहले बालमपुर के जंगल में एक विवाहिता की लाश मिली थी। लाश मिलने पर पुलिस की टीम मामले की तहकीकात में जुटी थी। पुलिस ने इस मामले में विवाहिता के प्रेमी को गिरफ्तार कर इस अंधेकत्ल की गुत्थी को सुलझा ली है। प्रेमी ने ही अपने प्रेमिका की हत्या कर उसकी लाश को ठिकाने लगाया था।
पसान थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे ने बताया कि ग्राम कुमारीसानी निवासी जयकुंवर 45 पति गनपत कुंवर फरवरी में एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने मायके पिपरिया स्थित एक गांव में गई थी। जहां से वह वापस अपने ससुराल आने के लिए निकली थी, लेकिन उसके बाद वह अपने ससुराल कुमारीसानी नहीं पहुंची थी, और 25 फरवरी को उसकी लाश बालमपुर के जंगल में मिली थी।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर सौंप दिया था। पसान थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे मामले की तहकीकात कर रहे थे । इसी दौरान पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज प्राप्त हुआ। जिसमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस की तहकीकात तेज की और संदेह के आधार पर पुलिस ने कुमारीसानी निवासी सुखदेव 40 पिता संतकुंवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने जयकुंवर की हत्या करना कबूल कर लिया।
सुखदेव और जयकुंवर का प्रेम प्रसंग लंबे समय से चल रहा था। बताया जाता है कि जब जयकुंवर को सुखदेव कंवर अपने बाइक पर बैठाकर वापस कुमारीसानी आ रहे थे। इस दौरान बालमपुर के जंगल में संबंध बनाने को लेकर दोनों के बीच कुछ विवाद हुआ था । शराब के नशे में धुत्त सुखदेव कंवर ने जयकुंवर का गला दबाकर हत्या कर दी थी । इसके बाद लाश को ठिकाने लगाकर अपने घर वापस आ गया था। पुलिस ने मामले में अंधे कत्ल की हुए गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी सुखदेव कंवर को गिरफ्तार कर लिया है।






