नेशनल हाईवे पर 18 वर्षीय युवक की लाश मिलने से मचा हड़कंप, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का शक

आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पारागांव में नेशनल हाईवे 53 पर महानदी पुल के नीचे आज सुबह 18 वर्षीय युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्राम पारागांव निवासी प्रेमलाल पाल (उम्र 18 वर्ष) पुत्र राजाराम पाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर में किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं हैं। आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक अपनी शारीरिक समस्याओं से परेशान था और मौत से पहले उसने अपने भाई को व्हाट्सएप में अपनी परेशानी बताई थी। बताया गया कि मृतक कल शाम को अपने दोस्त के साथ निकला था और निसदा मोड़ के पास आइस्क्रीम खाने रुका था, जहां से उसका दोस्त चला गया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।







