रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल के मृतकों को मिलेगा पीएम आवास, एफआईआर में जोड़ा जाएगा एट्रोसिटी एक्ट का प्रावधान

रायपुर। रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल हादसे को लेकर राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने गुरुवार को सुबह रायपुर पहुंचे और उन्होंने रेडक्रास सभाकक्ष में एक बैठक लेने से पहले मृतकों के परिजनों से मिले फिर घटना स्थल को भी देखा। उसके बाद कहा कि जिनके पास मकान नहीं है उन्हें प्रधानमंत्री आवास के तहत मकान देने का निर्देश दिया और पुलिस प्रशासन को एफआईआर में एट्रोसिटी एक्ट के प्रावधानों को शामिल करने कहा।
श्री गिल ने कहा कि रामकृष्ण अस्पताल प्रबंधन ने जो मुआवजे देने सहित राहत का आश्वासन दिया है उसे लिखित में आयोग एवं प्रशासन का प्रदान करें। मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता दिलाई जाएगी एवं न्याय मिलेगा और घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गिल ने कहा कि न्यूनतम वेतन से कम किसी भी सफाईकर्मी को मजदूरी राशि प्रदान नहीं की जानी चाहिए, इसे कड़ाई से लागू किया जाए। सफाईकर्मियों को सुरक्षा के मानकों के प्रति जागरूक किया जाए। पर्याप्त संख्या में पीपीई किट हो एवं जिला और सब डिवीजन स्तर पर सतर्कता समिति की बैठक की जाए। समय समय पर सफाईकर्मियों के स्वाथ्य की जांच की जाए और हर 6 महीने में मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट प्रदान करें यदि कोई अनफिट या बीमार हो तो उनके स्थान पर संबंधित की सहमति लेकर परिजनों में से किसी व्यक्ति को नौकरी पर रखा जाए। सभी सफाईकर्मियों का परिचय पत्र अनिवार्य रूप से बनाया जाए और ब्लड ग्रुप अंकित किया जाए। यह सुनिश्चित करें कि भविष्य में रात में इस प्रकार के सफाई कार्य न हों, हॉस्पिटल में गैस निकलने के लिए इंतजाम किया जाए।
गिल ने नगर निगम रायपुर को निर्देशित किया कि शहर के अन्य अस्पताल सहित सभी संस्थानों में सीवेज का एनओसी लिया जाए। कमिश्नर श्री विश्वदीप ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी संस्थाओं को एमएस एक्ट का पालन कराया जाएगा। इसके लिए हेल्थ ऑफिसर को नोडल अधिकारी बना जिम्मेदारी दी जाएगी। निगम द्वारा सभी सफाई कर्मचारियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है, इसे जल्द ही पूर्ण किया जाएगा। इस अवसर पर एसीपी सिटी अमित तुकाराम काम्बले, उपायुक्त संदीप पटेल, एडीएम उमाशंकर बंदे, उपायुक्त पश्चिम राहुल देव शर्मा, सहायक उपायुक्त देवांश सिंह राठौर, निगम उपायुक्त विनोद पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में दौरान मृतकों को श्रद्धांजलि स्वरूप 2 मिनट का मौन रखा गया।







