कोरबा निगम के सभापति ने कँवर के अपमान पर कहा- भाजपा में छत्तीसगढ़िया नेताओं की उपेक्षा की जा रही

कोरबा। नगर पालिका निगम कोरबा के सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर की उपेक्षा और नजरबंदी को लेकर
कहा कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व छत्तीसगढ़ियों को हाशिए पर धकेलने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने इसे अत्यंत दुर्भाग्यजनक और प्रदेश संगठन की कमजोरी बताया है।
उन्होंने कहा कि ननकीराम कंवर भाजपा के लिए भीष्म पितामह की भूमिका में रहे हैं। वर्तमान में भाजपा को सत्ता में लेन में उनकी अहम् भूमिका रही है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार का खुलासा किया है। ऐसे नेता की अनदेखी और अपमान किया जाना गलत है।
बिना जनाधार वाले भाजपा नेता आज सत्ता की मलाई खा रहे हैं, जमीनी कार्यकर्ताओं और संघर्षशील नेताओं को दरकिनार किया जा रहा है। जिले में साजिश के तहत लखन देवांगन, मनोज शर्मा और विकास महतो जैसे नेताओं को या तो हटाया गया या उनके खिलाफ मोर्चा खोला गया। जिला पंचायत अध्यक्ष पद का भी जिक्र करते हुए कहा कि यदि यह पद आरक्षित नहीं होता, तो वहां भी किसी पूंजीपति को बैठा दिया जाता।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भाजपा नेतृत्व ने वरिष्ठ और जमीनी नेताओं का सम्मान नहीं किया, तो इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। आम जनता के बीच आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शीर्ष भाजपा नेतृत्व ननकीराम कंवर को सम्मान करें और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की बातों को प्राथमिकता दे।






