विधानसभा बजट सत्र का दूसरा दिन आज पेश होगा बजट, सरकार देगी अहम सवालों के जवाब

विधानसभा के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है, जिसमें वित्त मंत्री ओपी चौधरी बजट पेश करेंगे। सत्र की शुरुआत अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व विधायक दीनदयाल पोर्ते के निधन के उल्लेख से होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वन मंत्री केदार कश्यप और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा अपने-अपने विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। मुख्यमंत्री से बिजली विभाग में रिक्त पदों, जेई से एई प्रमोशन कोटा, आईएएस/आईपीएस/आईएफएस अधिकारियों के खिलाफ शिकायतों की जांच, राज्य के ऊर्जाकरण लक्ष्यों, किसानों को बिजली बिल में छूट, कोयला रॉयल्टी चोरी की जांच, मुख्यमंत्री जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण, पीएम सूर्यघर योजना के लाभार्थियों और बिजली विभाग के बड़े बकायादारों पर कार्रवाई से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। वहीं वन मंत्री से इंद्रावती टाइगर रिजर्व और कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में कराए गए कार्यों, रायपुर में सुगम यातायात नीति, धान खरीदी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर तथा नंदन वन के पुनर्निर्माण जैसे विषयों पर जानकारी मांगी गई है। राजस्व मंत्री से सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों, अवैध प्लाटिंग, विश्वविद्यालयों में अनियमितताओं, आदिवासी भूमि की बिक्री, धान उत्पादन, लंबित राजस्व प्रकरणों और संविदा कर्मचारियों के नियमन से संबंधित प्रश्नों के उत्तर मांगे गए हैं।







