पीएम आवास के बाहर विपक्ष द्वारा किया गया कृत्य लोकतंत्र की गरिमा के प्रतिकूल है, राहुल से ऐसी अपेक्षा बिल्कुल नहीं – सीएम साय

रायपुर। कल लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास के बाहर जैसा आचरण किया, वह लोकतांत्रिक गरिमा के प्रतिकूल और निंदनीय है। ऐसे राजनीतिक स्टंट की अपेक्षा नेता प्रतिपक्ष जैसे पद पर बैठे व्यक्ति से तो बिल्कुल नहीं होती। ये बाते छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने ऑफिशिल ट्यूटर हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए कहीं।
उन्होंने आगे लिखा कि नीट पेपर लीक जैसी समस्या पर केंद्र सरकार पहले से ही अत्यधिक गंभीर है। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई भी हुई है। प्रधानमंत्री जी ने पेपर लीक को पाप कहते हुए कार्रवाई की बात कही है। सरकार परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। परीक्षा दोबारा पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की गई और उसका परिणाम भी आ चुका है। दुख की बात है कि कांग्रेस इस बहाने फिर से कुछ युवाओं की आड़ लेकर देश में अराजकता फैलाने में जुट गई है। प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास के बाहर विपक्ष द्वारा किया गया कृत्य लोकतंत्र की गरिमा के प्रतिकूल है। इसे देश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।





