चरित्र पर संदेह में पत्नी की गला दबाकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

आरंग। चरित्र पर संदेह में पति ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। महिला के शव का पोस्ट मॉर्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ। यह मामला ग्राम पारागांव की है। गौरतलब है कि 12 जून 2025 को महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आरंग पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार किया। आरंग थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि ग्राम पारागांव निवासी कुमारी बाई निषाद 27 की मौत हो गई थी। उसके पति देवसिंग निषाद ने पुलिस को बताया था कि सुबह 4 बजे उसकी पत्नी सोते हुए मृत अवस्था में पाई गई। पंचनामा के दौरान मृतका के बाएं कान से खून निकला हुआ था और सीना फूला हुआ था। मृतका के परिजनों ने पति देवसिंग निषाद पर संदेह जताया था। पुलिस को उसका बयान भी संदेहास्पद लगा था।
आरोपी मृतका के चरित्र पर संदेह करता था। इसको लेकर वह आय दिन उसके साथ मारपीट करता था। उसके बाद उसको मायके छोड़ देता था। मृतका कुछ समय पहले पति द्वारा चरित्र शंका कर प्रताड़ित करने से हताश होकर जान देने की कोशिश कर चुकी थी। इस दौरान समाज वालों ने मीटिंग करके आपसी समझौता कराया था। घटना के 10 – 15 दिन पहले मरिका ने अपनी माँ को अपने पति देवसिंग निषाद से जान का खतरे की बात कही थी। जांच में आरंग पुलिस को जो सबूत मिले हैं। उसके आधार पर पति देवसिंग निषाद को गिरफ्तार कर रिमांड में जेल भेज दिया है।.
