Chhattisgarh

सुकमा सीआरपीएफ ने नक्सलियों के डंप साइट से 18 किलो विस्फोटक बरामद

Share

सुकमा में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। 226 बटालियन सीआरपीएफ की सी कंपनी ने गोमगुड़ा क्षेत्र के पोडियमपारा में एंबुश ऑपरेशन चलाकर नक्सलियों के एक डंप साइट का पता लगाया। सर्चिंग के दौरान जवानों ने मौके से करीब 18 किलो अमोनियम नाइट्रेट के साथ तिरपाल, स्लीपिंग बैग, पिट्ठू, नक्शा-चार्ट और अन्य उपयोगी सामग्री बरामद की, जिनका नक्सली अपने ठिकानों और गतिविधियों में इस्तेमाल करते थे। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है और अधिकारियों के मुताबिक बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है। सीआरपीएफ ने बयान में कहा कि क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा और नक्सलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी, ताकि इलाके में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सलवाद को समाप्त करने का लक्ष्य 31 मार्च 2026 तक रखा गया है। सुरक्षा बलों की कड़ी कार्रवाई, विकास कार्य और पुनर्वास नीति के चलते अब तक 1300 से ज्यादा नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जिससे बस्तर हिंसा मुक्त होकर शांति और विकास की ओर बढ़ रहा है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button