ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली पर सख्त कार्रवाई, आरक्षक अर्जुन दुबे सेवा से बर्खास्त

दुर्ग। एसएसपी विजय अग्रवाल ने पुलिस विभाग में अनुशासन कायम रखने के लिए एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। उन्होंने यातायात विभाग में पदस्थ आरक्षक अर्जुन दुबे को ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली करने के आरोप में सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, दुर्ग के सुपेला सब्जी मंडी क्षेत्र में आरक्षक अर्जुन दुबे ट्रक और छोटे मालवाहक वाहनों से ₹200 से ₹2000 तक अवैध वसूली कर रहा था। व्यापारियों की शिकायत पर जांच की गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि दुबे ने ट्रांसपोर्टर दुर्गेश सिन्हा से ₹5600 अपने बैंक खाते में प्राप्त किए थे। एएसपी (ग्रामीण) अभिषेक झा की जांच में बैंक ट्रांजेक्शन और दस्तावेजी साक्ष्य से आरोप प्रमाणित हुए।
एसएसपी अग्रवाल ने बताया कि आरोपी आरक्षक को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया था, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। इससे पहले भी उसे कर्तव्य में लापरवाही के लिए दंडित किया जा चुका था। अंततः पुलिस रेगुलेशन पैरा 221 (क) के तहत उसकी सेवा समाप्त कर दी गई।
इसी दौरान, स्मृति नगर चौकी में पदस्थ एएसआई प्रमोद सिंह और आरक्षक रवि ठाकुर को फरियादियों से दुर्व्यवहार करने के आरोप में लाइन अटैच किया गया है। एसएसपी अग्रवाल ने कहा कि पुलिस विभाग की छवि खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
