ChhattisgarhCrimeRegion

तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर

Share

कोंडागांव। जिले के बटराली-होनहेड़ मार्ग पर आज रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक चालक की पिटाई कर दी, जिसके बाद मौके पर पंहुची केशकाल पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर में कई ग्रामीण सवार थे, जो दुर्घटना के बाद घबरा गए। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रक चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और उसके नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है। इसी बात से नाराज होकर ग्रामीणों ने चालक को वाहन से उतारकर उसकी पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करते हुए ट्रक चालक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया और उसे हिरासत में लेकर थाना केशकाल ले गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उनका कहना है कि तेज रफ्तार और नशे की हालत में वाहन चलाना इन हादसों का मुख्य कारण है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनके ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button