Madhya Pradesh
विधानसभा में विशेष सत्र, कांग्रेस ने महात्मा गांधी प्रतिमा के पास विरोध जताया

मध्य प्रदेश विधानसभा ने आज 17 दिसंबर को अपनी 69वीं स्थापना वर्षगांठ मनाई और इस अवसर पर एक दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया। यह दिन ऐतिहासिक है क्योंकि 17 दिसंबर 1956 को विधानसभा की पहली बैठक हुई थी। वहीं, कांग्रेस विधायकों ने मनरेगा योजना का नाम बदलने के विरोध में महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे बैठकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी महात्मा गांधी का अपमान कर रही है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने इसका जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस राम से एलर्जी रखती है और भाजपा महात्मा गांधी के विचारों के अनुरूप गरीबों और किसानों के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, गरीबों के पक्के मकान, आयुष्मान कार्ड और मनरेगा के जरिए ग्रामीण विकास का उदाहरण देते हुए कांग्रेस की आलोचना की।







