अर्पण दिव्यांग पब्लिक स्कूल के बच्चों के साथ समाजसेवी अंकिता ने मनाया प्री-होली मिलन समारोह

रायपुर। राजधानी के न्यू राजेन्द्र नगर स्थित विशेष बच्चों के विद्यालय अर्पण दिव्यांग पब्लिक स्कूल में गुलाब एवं गेंदा फूल की पंखुडिय़ों तथा हर्बल गुलाल से हर्बल होली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी अंकिता वर्मा द्वारा बच्चों के साथ प्री-होली मिलन समारोह मनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान अंकिता वर्मा ने बच्चों के साथ साइन लैंग्वेज सीखी तथा उनसे संवाद भी किया। बच्चों ने साइन लैंग्वेज के माध्यम से राष्ट्रीय पक्षी, राष्ट्रीय पशु एवं राष्ट्रीय फल की जानकारी प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सराहा।
इस अवसर पर अंकिता वर्मा ने कहा कि आप सभी बच्चों को प्रकृति ने विशेष क्षमता से नवाजा है, यही आपकी सबसे बड़ी ताकत है। इन क्षमताओं को निखारने में अर्पण पब्लिक स्कूल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मैं आप सभी को होली की अग्रिम शुभकामनाएं देती हूं और कामना करती हूं कि प्रकृति आपके जीवन को खुशियों के रंगों से भर दे।
कार्यक्रम में सभी बच्चों ने एक-दूसरे को फूलों एवं हर्बल गुलाल से रंग लगाकर होली खेली और उल्लासपूर्वक त्योहार मनाया। होली उत्सव के पश्चात सभी बच्चों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। अंकिता वर्मा ने स्वयं बच्चों को इडली-सांभर, नारियल चटनी एवं मिठाई परोसी तथा बच्चों के साथ कतार में बैठकर भोजन भी किया। इस आत्मीय पहल से बच्चों में विशेष उत्साह एवं अपनत्व की भावना देखने को मिली।
इस अवसर पर रायपुर के पूर्व महापौर प्रमोद दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही विद्यालय की प्राचार्य कमलेश एवं कोआर्डिनेटर सीमा छाबड़ा सहित समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को प्राकृतिक रंगों के माध्यम से सुरक्षित एवं पर्यावरण-संवेदनशील तरीके से होली मनाने का संदेश देना रहा।







