सोशल पुलिसिंग की टीम गांव-गांव पहुंचकर कर रही संवाद

बीजापुर। जिले के भोपालपट्टनम क्षेत्र में सोशल पुलिसिंग की पहल के तहत पुलिस की टीम गांव-गांव पहुंचकर आमजन से संवाद स्थापित कर रही है, उनकी समस्याएं सुन रही है और मौके पर समाधान का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी जीवन कुमार जांगड़े ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ जितेंद्र यादव के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक घनश्याम कामड़े के मार्गदर्शन में बारेगुड़ा ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम पेटा गोगड़ा, रेड्डीपल्ली और सकनापल्ली में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 200 ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं थाना प्रभारी के समक्ष रखीं, जिन्हें गंभीरता से सुनकर निराकरण की दिशा में आश्वासन दिया गया। बारेगुड़ा में स्थापित मोबाइल टॉवर के बंद होने की समस्या भी ग्रामीणों ने उठाई। इस पर थाना प्रभारी जीवन कुमार जांगड़े ने संबंधित विभाग को प्रकरण अग्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही। बैठक में नक्सल उन्मूलन अभियान, जनसंवाद, टोनही प्रताडऩा, ग्रामीणों की बुनियादी समस्याएं तथा साइबर जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब वे अपनी समस्याएं बेझिझक साझा कर पा रहे हैं। सोशल पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस न केवल सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है, बल्कि सामाजिक समरसता और विश्वास का मजबूत आधार भी तैयार कर रही है। यह पहल क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी सहयोग की नई दिशा तय कर रही है।







