संचारी अंग्रेजी और सॉफ्ट स्किल्स पर सेमिनार

रायपुर। गुरुकुल महिला महाविद्यालय के महाविद्यालय परिसर स्थित सभागारमें संचारी अंग्रेजी और सॉफ्ट स्किल्स पर ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार के मुख्य वक्ता राम अशरफ थे, जो एक प्रतिष्ठित सॉफ्ट स्किल्स एवं व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षक हैं। इस सेमिनार का आयोजन डॉ. सिमरन आर. वर्मा, सहायक प्राध्यापक (अंग्रेजी विभाग), गुरुकुल महिला महाविद्यालय द्वारा किया गया, जो इस विषय की आयोजक शिक्षिका एवं विषय शिक्षिका भी हैं। उनके कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह सेमिनार बी.कॉम, बी.एससी. एवं बीसीए के चतुर्थ सेमेस्टर के समस्त छात्र-छात्राओं के लिए असाइनमेंट कार्य के रूप में आयोजित किया गया जो कि चतुर्थ सेमेस्टर के पाठ्यक्रम का एक महत्वपूर्ण भाग है।
अशरफ ने अपने व्याख्यान में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को अत्यंत सरल, रोचक एवं प्रभावशाली तरीके से समझाया। उन्होंने दैनिक जीवन के व्यावहारिक उदाहरणों एवं रोचक तथ्यों के माध्यम से छात्राओं को विषय को गहराई से समझने में सहायता की। सेमिनार पूर्णत: संवादात्मक रहा, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। छात्राओं की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने हेतु, प्रश्नोत्तरी में सही उत्तर देने वाली एक छात्रा को अशरफ की विशेष डीवीडी भेंट की गई। इसके अतिरिक्त अशरफ ने छात्राओं को यह भी आश्वासन दिया कि जो छात्राएँ उनके कोर्स में प्रवेश लेंगी, उन्हें विशेष छूट एवं रियायत प्रदान की जाएगी, जो उनके समग्र व्यक्तित्व विकास में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी। इस सेमिनार में महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्यों ने भी उपस्थित रहकर इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम के सुचारू संचालन एवं प्रबंधन में महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने सराहनीय भूमिका निभाई।







