तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 4 महिलाओं को कुचला, तीन की मौत

अंबिकापुर। अंबिकापुर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 4 महिलाओं को कुचल दिया, जिसमें 3 महिलाओं की जान चली गई। हादसा एनएच -130 स्थित भिट्ठीकला में हुआ है। महिलाएं सब्जी खरीदकर बाजार से लौट रही थी, तभी अचानक सामने से आई बेकाबू स्कॉर्पियो उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गई। हादसे के बाद सड़क पर पड़ी अपनी मां की लाश देखकर मासूम बेटी बिलखती रही। हर रविवार को भिट्ठीकला में साप्ताहिक बाजार लगता है। हादसे की शिकार महिलाएं सब्जी खरीदने बाजार आई थीं, और शाम को लौट रही थीं। मामला मणिपुर थाना क्षेत्र का है। घायल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने गाड़ी के ड्राइवर को पीटा और हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान डेढ़ घंटे तक 3 से 4 किलोमीटर तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (क्रमांक सीजी 15 ईएच 8874) अंबिकापुर से लखनपुर जा रही थी, तभी ग्राम भिट्ठीकला में 3 महिलाओं को कुचलते हुए गाड़ी आगे बढ़ी और चौथी महिला को रौंद दिया। गाड़ी फिर भी नहीं रुकी और आगे जाकर सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्कॉर्पियो की टक्कर से घायल तीनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक अन्य महिला आयुषी घायल है।
गुस्साई भीड़ ने स्कॉर्पियो से भाग रहे ड्राइवर को दौड़ाकर पकड़ लिया और जमकर पीटा। हादसे के बाद उग्र भीड़ ने नेशनल हाईवे पर शव रखकर जाम कर दिया था। मौके पर पहुंची मणिपुर पुलिस ने ड्राइवर सोनू राजवाड़े को गिरफ्तार कर लिया और उसे तुरंत थाने भेजा। फिलहाल ग्रामीणों को समझाइश देने के बाद मामला शांत हुआ और जाम हटाया गया।






