ChhattisgarhRegion

पेंड्रा रोड स्टेशन पर संरक्षा संगोष्ठी का आयोजन सतर्कता, सजगता एवं कार्य कुशलता पर दिया गया विशेष बल

Share

बिलासपुर। मंडल संरक्षा विभाग, बिलासपुर द्वारा रेल संरक्षा को सुदृढ़ बनाने एवं कर्मचारियों में सजगता बढ़ाने के उद्देश्य से पेंड्रा रोड स्टेशन पर एक संरक्षा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री साकेत रंजन के निर्देशन एवं उपस्थिति में संपन्न हुई।
संगोष्ठी में स्टेशन मास्टर, एसएसई, जेई, डीटीआई, लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, प्वाइंट्समैन, गेटमैन, टेक्नीशियन एवं गेंगमैन सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान संभावित दुर्घटनाओं के कारणों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उन्हें रोकने हेतु आवश्यक सावधानियों और उपायों पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम में स्पीड प्रतिबंध, वर्कसाइट प्रोटेक्शन, शंटिंग के दौरान सुरक्षा उपाय, लोड स्थिरीकरण, इंटरलॉक एवं नॉन-इंटरलॉक प्वाइंट्स पर सावधानियां, ओएचई ब्लॉक के दौरान सुरक्षा, साइडिंग में लोडिंग-अनलोडिंग के समय अपनाई जाने वाली सावधानियां एवं आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त सिविल डिफेन्स के श्री घनश्याम सिंह राज द्वारा अग्निशमन (फायर फाइटिंग), प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) के साथ-साथ जीवन रक्षक सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, जिससे आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी सहायता सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री साकेत रंजन ने सभी कर्मचारियों को संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए सतर्कता एवं सजगता के साथ कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने विशेष रूप से कार्य के दौरान शॉर्टकट विधियों से बचने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सुरक्षित तरीके से कार्य संपन्न करने पर बल दिया। मंडल संरक्षा विभाग द्वारा इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी जारी रखे जाएंगे, जिससे रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाया जा सके।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button