सचिन सपरिवार अबूझमाड़ के दौरे पर 22 को

रायपुर। सचिन तेंदुलकर सपरिवार राज्य के दौरे पर आने वाले हैं। सचिन 22 अप्रैल को दंतेवाड़ा के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह अबूझमाढ़ के ग्राम छिंदनार में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सचिन बच्चों के साथ क्रिकेट खेलेंगे। इस दौरान उनके साथ सीएम साय भी रहेंगे।
तेंदुलकर फाउंडेशन ने छिंदनार में ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने और बच्चों को खेल के लिए प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से दंतेवाड़ा में प्रयास प्रारंभ किया था, जब गंभीर नक्सली समस्या थी। अब जब बस्तर के नक्सल मुक्त होने की घोषणा हो चुकी है तो स्वयं सचिन सपरिवार दंतेवाड़ा आएंगे और स्थानीय बच्चों से संवाद करेंगे। गौरतलब है कि हाल ही में सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन की टीम हाल ही में दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने जन स्वास्थ्य सहयोग (गनियारी) संस्था का दौरा किया था । पहले दिन अचानकमार टाइगर रिजर्व के वनांचल ग्राम बम्हनी में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। डॉ. अंजली तेंदुलकर और सारा तेंदुलकर ने दौरे के दूसरे दिन बिलासपुर में गनियारी जन स्वास्थ्य केंद्र का भी दौरा किया। इस दौरान डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बातचीत कर उन्होंने जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति को समझा। उन्होंने यहां फुलवारी केंद्र और बालवाड़ी पहुंचकर आदिवासी बच्चों से मुलाकात की थी। बच्चों के रहन-सहन, खान-पान और वन क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को लेकर स्थानीय समिति के सदस्यों से विस्तृत चर्चा भी की थी।






